This story teaches children the value of cooperation and kindness. Even if someone has not helped before, we should continue doing good deeds. It is a tale of courage, friendship, and moral lessons.
A Moral Tale of Cooperation and Kindness for Children
यह कहानी हमें सिखाती है कि सहयोग और अच्छाई हमेशा विजय पाते हैं। चाहे किसी ने पिछली बार मदद न की हो, फिर भी हमें अपने अच्छे कर्म नहीं छोड़ने चाहिए। बच्चों के लिए यह कहानी मित्रता, साहस और नैतिकता का सुंदर संदेश देती है।
काली चिड़िया और चोर साँप की नैतिक कहानी बच्चों के लिए
हम अच्छे बने रहेंगे
पंचक वन में पक्षियों के घर बने हुए थे। दिन में सब पक्षी काम पर प जाते और रात में अपने-अपने घरों में आराम करते। सभी पक्षी वहाँ मिल-जुलकर रहते। पिछले कुछ दिनों में एक नई बात होने लगी। जब भी पक्षी काम पर जाते या रात में थके हुए गहरी नींद में होते, तो उनके घरों में चोरी हो जाती।
चोर खाने-पीने की चीजें चुराता या उनके अंडे खा जाता। सभी पक्षियों ने एक बैठक बुलाई। इसमें काली चिड़िया के अलावा सभी पक्षी आए। यह फैसला हुआ कि बारी-बारी से पहरा दिया जाएगा। यदि कोई चोर को देखेगा, तो शोर मचाएगा और सब पक्षी वहाँ इकट्ठे होकर चोर को पकड़ लेंगे।
गलियों की नुक्कड़ पर बने घरों के निवासियों को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई। उन्हें बताया गया कि चोर बाहर भागने के लिए इन गलियों का इस्तेमाल कर सकता है, इसलिए आप सावधान रहें और शोर सुनते ही चोर को रोकने के लिए घर के बाहर आकर खड़े हो जाएँ। कुछ पक्षियों के सुझाव पर हरियल तोता काली चिड़िया के घर गया और कहा, "बहन काली, तुम्हें सूचना नहीं मिली या तुम किसी काम में जुटी हुई थी जो बैठक में नहीं आईं? फिर भी मैं तुम्हें बता देता हूँ कि बैठक में हमने क्या-क्या फैसले किए हैं।"
हरियल ने पूरी बात काली चिड़िया को बताई और कहा कि तुम्हारा घर गली के नुक्कड़ पर है। चोर को पकड़ने के लिए तुम सावधान रहना। यह सबके हित की बात है। इस बैठक के बाद कुछ ही दिनों में चोर दो बार दिखाई दिया।
पक्षियों ने चोर-चोर का शोर मचाया। सब पक्षी सावधान होकर अपने-अपने घर से बाहर आए। पर चोर बचकर निकल गया। वह हर बार काली चिड़िया के घरवाली गली से निकला। वह पकड़ा नहीं जा सका। क्योंकि काली चिड़िया अपने घर से बाहर नहीं आई। अगर वह बाहर आती और रास्ता रोक कर खड़ी हो जाती तो चोर को बचने के लिए कोई रास्ता नहीं मिलता। पक्षी काली चिड़िया को समझाने भी गए। उस पर कोई असर नहीं हुआ। एक रात जब काली चिड़िया अपने अंडों के पास सोई हुई थी। तब चोर साँप उसके घर में घुस गया। काली चिड़िया की आँख खुल गई। वह चिल्लाने लगी।
उसका चिल्लाना सुनकर चोर साँप को हँसी आ गई। वह बोला, "तुम चाहे कितना ही चीखो, तुम्हारी मदद करने कोई नहीं आएगा। मैंने दूसरे पक्षियों की बातें गुपचुप सुनी हैं। सब पक्षी तुमसे नाराज हैं। तुम उनकी मदद करने बाहर नहीं निकलीं, इसलिए वे भी तुम्हारी मदद करने नहीं आएँगे।"
इतना कहकर वह चिड़िया के अंडों की तरफ बढ़ा। अभी वह जरा-सा सरका ही था कि उसे बाहर गली में एक खटका सुनाई दिया।
वह बाहर निकला, तो उसने देखा कि हर पक्षी लाठी लिए अपने-अपने घर के बाहर खड़ा है। यही नहीं कुछ और पक्षी काली चिड़िया के घर की तरफ आ रहे हैं। यह सब देखकर वह घबरा गया। उसे भागने के लिए कोई रास्ता दिखाई नहीं दिया। पक्षियों ने उसे पकड़ लिया।
साँप ने पक्षियों से पूछा, "जब इस काली चिड़िया ने आपको कभी सहयोग नहीं दिया, आपके चोर-चोर चिल्लाने पर यह घर से बाहर नहीं आई, तो आप सब इसके चिल्लाने पर क्यों आए?"
हरियल बोला, "यह ठीक है कि साथ न देने की इसकी बुरी आदत है। पर हम सबकी आदत तो एक-दूसरे को सहयोग देने की है। इसकी गलत बात के पीछे हम अपनी अच्छी बात को क्यों छोड़ें? चाहे कुछ भी हो, हम अच्छे बने रहेंगे।"
उस दिन साँप ने सबसे माफी माँगी और वादा किया कि भविष्य में वह कभी भी चोरी नहीं करेगा। उसे माफ कर दिया गया। काली चिड़िया ने भी अपनी पिछली भूलों के लिए माफी माँगी और कहा कि भविष्य में वह पक्षी समाज के हर काम में सहयोग देगी। पक्षियों ने खुशी-खुशी उसे अपने में मिला लिया।
- गोविंद शर्मा
निष्कर्ष; कहानी से यह सीख मिलती है कि अच्छाई और सहयोग की आदत कभी खोनी नहीं चाहिए। सही समय पर मिलजुलकर काम करना ही समाज को मजबूत और सुरक्षित बनाता है।
ये भी पढ़ें; सवाल का बवाल: एक हास्यपूर्ण बाल कहानी


