Dr. Faheem Ahmad, a renowned Hindi writer, beautifully captures the essence of Holi through his vibrant couplets (dohas). These verses reflect the colors of joy, love, and harmony, making the festival of Holi even more delightful.
Colorful Holi Dohas by Dr. Faheem Ahmad | Festival of Colors in Hindi Poetry
होली के रंग-बिरंगे दोहे – डॉ. फ़हीम अहमद की अनमोल रचना
डॉ. फ़हीम अहमद हिंदी साहित्य की दुनिया में एक सशक्त नाम हैं, जिन्होंने बाल कविता, बाल कहानी, नाटक, पहेलियाँ, दोहे और लघुकथाओं के माध्यम से साहित्य को समृद्ध किया है। उनकी रचनाएँ जीवन के रंगों और सामाजिक समरसता का सुंदर चित्र प्रस्तुत करती हैं। विशेषकर होली पर लिखे गए ये दोहे भारतीय संस्कृति, लोकजीवन और भाईचारे का अनोखा संगम हैं।
रंग-बिरंगे दोहे: होली के उत्सव पर डॉ. फ़हीम अहमद की रचना
दोहे रंग- बिरंगे
ढोलक चुन्नूलाल की, जुम्मन देते थाप।
सुर से जैसे ताल का, होता मधुर मिलाप।।
रंग मलें रमजान के, कक्का पुत्तीलाल।
बजा नगाड़ा प्रेम का, तन -मन हुआ गुलाल।।
पिचकारी से छूटते, इंद्रधनुष-से रंग।
सराबोर दुनिया हुई, मन में बजे मृदंग।।
गुझिया तलती जानकी, भर देती नसरीन।
साझी दुनिया और भी, लगती आज हसीन।।
उड़ता इधर गुलाल है, हँसती उधर अबीर।
मिलता गले हबीब से, खुश हो आज समीर।।
रंगबिरंगी है फ़िज़ा, नाचे हृदय- मयूर।
सत्ते के संग गा रहे, फगुआ चचा गफूर।।
हुल्लड़ वाला प्रात है, रंग भरी है सांझ।
हर दिल में उल्लास का, बजे मंजीरा-झांझ।।
हर इक चेहरे पे खिले, खुशियों वाले रंग।
होली लेकर आ गई, मस्ती भरी उमंग।।
हँसती इधरअबीर तो, उड़ता उधर गुलाल।
पिचकारी के रंग तो, करते खूब कमाल।।
घूम रही हैं टोलियाँ, गातीं सुन्दर गीत।
हारे सब शिकवे गिले, जीत गई है प्रीत।।
ढोल नगाड़े बज रहे, दिल में उठी उमंग।
हर मन में उल्लास है, होली का हुड़दंग।।
उड़ती मीठी खुशबुएँ, गुझिया की है धूम।
खाते हैं मिल बाँट सब, रहे ख़ुशी से झूम।।
सारी बातें भूलकर, मिटा दिए हैं बैर।
सब के सब अपने लगें, आज न कोई ग़ैर।।
होली सबको बाँटती, प्यार भरे उपहार।
जीवन में छाई रहे, रंगों की बौछार।।
रंग बिरंगा प्रात हो, रंग भरी हो शाम।
जीवन हो आनंदमय, होली का पैगाम।।
- डॉ. फहीम अहमद
Dr. Faheem Ahmad Biography in Hindi
लेखक फहीम अहमद का व्यक्तित्व एवं कृतित्व
संक्षिप्त परिचय
नाम : डॉ. फ़हीम अहमद
जन्म : दिनांक-23 जून 1977
जन्मस्थान : रुदौली,अयोध्या
शिक्षा : एम.ए .हिंदी, बीएड, नेट, पीएच.डी
लेखन विधा : बाल कविता, बाल कहानी, नाटक, पहेलियां, दोहे, लघुकथा आदि
प्रकाशित पुस्तकें-
- हाथी की बारात (बालकविता संग्रह) एन डब्ल्यू ए पब्लिकेशन, फैजाबाद वर्ष 2001
- अनोखी दावत (बाल कहानी संग्रह) यश पब्लिकेशन, दिल्ली वर्ष 2006
- रंग बिरंगे बालगीत (बालगीत संग्रह) जवाहरलाल नेहरू बाल साहित्य अकादमी राजस्थान 2023
- ट्रेन गई जब मेले में (कहानी) चिल्ड्रेन बुक ट्रस्ट,दिल्ली (शीघ्र प्रकाश्य)
• पिछले 27 वर्षों से साहित्य सेवा में निरंतर सक्रिय।
• देश भर की पत्र -पत्रिकाओं में 800 से अधिक रचनाएँ प्रकाशित।
• 2 दर्जन से अधिक राष्ट्रीय स्तर के संकलनों में रचनाएँ सम्मिलित।
• 100 से अधिक शोध आलेख, समीक्षाओं, पुस्तकों, शोध प्रबन्धों, लघु शोध आदि मे रचनाओं का ससम्मान उद्धरण/उल्लेख।
• रचनाकर्म पर दो विश्वविद्यालयों में लघुशोध प्रस्तुत।
प्राप्त सम्मान : उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान लखनऊ, बालकन जी बारी इंटर नेशनल, दिल्ली, नागरी बालसाहित्य संस्थान बलिया, भारतीय बाल कल्याण संस्थान, कानपुर, चिल्ड्रेन बुक ट्रस्ट, दिल्ली सहित अनेक संस्थाओं द्वारा पुरस्कृत/सम्मानित।
पता : असिस्टेंट प्रोफेसर, हिंदी, महात्मा गांधी मेमोरियल पी. जी. कालेज, चौधरी सराय, संभल (उत्तर प्रदेश)244302
मोबाइल : 88963-40824
ईमेल: drfaheem807@gmail.com
ये भी पढ़ें; होली पर बाल कविता : मुट्ठी में है लाल गुलाल