पुल टूट गया | मित्रता और विश्वास की प्रेरक हिंदी बाल कहानी

Dr. Mulla Adam Ali
0

‘Pul Toot Gaya’ is an inspiring Hindi children’s story by Dr. Shakuntala Kalra. Based on an episode from the Ramayana, the story beautifully highlights friendship, trust, courage, and the importance of understanding a friend’s fears. It offers a meaningful lesson to young readers in a simple and engaging way.

Pul Toot Gaya | Inspirational Hindi Children’s Story of Friendship and Trust

मित्रता और विश्वास की प्रेरक हिंदी बाल कहानी पुल टूट गया

डॉ. शकुंतला कालरा की बाल कहानी ‘पुल टूट गया’ रामायण के प्रसंग को आधार बनाकर मित्रता, विश्वास और सुरक्षा की भावना को सहज ढंग से प्रस्तुत करती है। कहानी में श्रीराम और विभीषण के संवाद के माध्यम से यह संदेश उभरता है कि सच्ची मित्रता में भय और संकोच के लिए कोई स्थान नहीं होता। बाल पाठकों के लिए रोचक प्रसंग और सरल भाषा में लिखी यह कहानी मानवीय संवेदना तथा मित्रधर्म का सुंदर उदाहरण है।

डॉ. शकुंतला कालरा की प्रेरक बाल कहानी

पुल टूट गया

रामराज्य एक आदर्श राज्य था। उस राज्य में सभी सुखी थे। किसी प्रकार का शोषण एवं अत्याचार नहीं था। राम के यहाँ विद्वानों और तपस्वियों का बड़ा आदर होता था। सब काम राजा और प्रजा मिलकर करते थे। राज्य में भरपूर फसल होती। नदी-तालाब बारहों महीने जल से भरे रहते।

ऐसे सुख और आनन्द में राम को अपने प्रिय मित्रों की याद आना स्वाभाविक ही था। एक दिन उन्हें राक्षसराज विभीषण की बहुत याद आई। विभीषण रावण के भाई थे, किन्तु उन्होंने रावण के बुरे कामों में उसका साथ कभी नहीं दिया था। लंका-विजय के बाद राम ने लंका का राज्य विभीषण को सौंप दिया था।

आज उन्हें विभीषण की चिन्ता सता रही थी। उन्होंने सोचा चलकर उसकी खोज-खबर ली जाए। राम चाहते थे, विभीषण का राज्य स्थिर रहे। लंका जाकर वह स्वयं देखना चाहते थे कि विभीषण राज्य कैसे चला रहे हैं।

राम इन्हीं विचारों में डूबे थे। इतने में भरत आ गए। "आओ भरत, तुम्हारी उम्र बहुत लम्बी है। मैं तुम्हें ही याद कर रहा था।" राम ने कहा।

"आज्ञा दीजिए प्रभू।" भरत हाथ जोड़ते हुए बोले।

"मैं विभीषण से मिलना चाहता हूँ। लंका जाकर देखना चाहता हूँ कि वह सकुशल हैं। अपना राज्य ठीक ढंग से चला रहे हैं? उन्हें किसी प्रकार की कोई कठिनाई तो नहीं है। वह देवताओं से कैसा व्यवहार कर रहे हैं?" राम ने कहा।

"जैसी आपकी इच्छा। यदि आप आज्ञा दें तो मैं भी इस यात्रा में आपके साथ चलूं। एक पंथ दो काज। मैं लंका देख लूँगा और आप भी अकेले नहीं होंगे।" भरत ने कहा।"

"तुम्हारा साथ हो, तो यात्रा और भी अच्छी हो जाएगी। तुम विभीषण से मिलकर बहुत खुश होगे। मार्ग में मैं सुग्रीव से भी भेंट करना चाहता हूँ।"

रामम ने लक्ष्मण को बुलाया। सारा राज्य भार उन्हें सौंप दिया और भरत के साथ पुष्पक विमान पर चढ़कर लंका के लिए चल दिए।

रास्ते में वे भारद्वाज और अत्रि मुनि के आश्रम में गए। राम ने भरत को वे सब स्थान दिखाये, जहाँ-जहाँ सीता और लक्ष्मण के साथ वे रुके थे। भरत बड़ी उत्सुकता से सब देख रहे थे। “देखो भरत, यह वह स्थान है, जहाँ सीता का हरण हुआ था।”

विमान से चलते हुए राम ने उन स्थानों की ओर इशारा करते हुए कहा और उदास हो गए।

"और हाँ, देखो वहाँ सीता की रक्षा करते हुए जटायु की मृत्यु हुई थी।" राम ने सजल नेत्रों से कहा।

इसके बाद वे किष्किंधा पुरी आए। सुग्रीव ने श्रीराम और भरत का बड़े प्रेम और उत्साह से स्वागत किया। सुग्रीव को जब पता चला कि राम विभीषण के पास जा रहे हैं, तो उन्होंने भी साथ चलने की प्रार्थना की। राम ने सुग्रीव को भी साथ ले लिया। तीनों विमान में बैठ गए। रास्ते में विभिन्न स्थान देखते हुए लंका पहुंचे।

दूतों ने श्रीराम के लंका पधारने का शुभ समाचार विभीषण को सुनाया। वह प्रसन्न हो अपने रत्नजटित सिंहासन से उतर पड़े। कहने लगे "अच्छा हुआ, राम यहाँ आए हैं। मैं अपनी बात राम से अवश्य कहूँगा।" राम के स्वागत की तैयारी और पूरे नगर को सजाने की आज्ञा देकर, वह राम की अगवानी के लिए दौड़ पड़े। उनके साथ अनेक मंत्री भी थे।

विभीषण ने राम को साष्टांग प्रणाम किया और गद्गद् कण्ठ से कहा "प्रभो, आज मेरी नगरी, मेरा जन्म सब सफल हो गया। मैं जानता था, आप एक दिन अवश्य आएंगे और...।"

"और क्या विभीषण?" राम ने हँसते हुए कहा।

"और मैं कृतार्थ हूँगा।" विभीषण ने बात बदल ली और हँस दिये।

राम विभीषण के चेहरे को देखने लगे। उन्हें लगा, विभीषण कुछ कहना चाहते हैं। उन्होंने सबके सामने कुछ नहीं पूछा। दोनों अनुकूल अवसर का इन्तज़ार करने लगे। राम ने विभीषण को गले लगा लिया। "अब हम आ गए हैं। आप अपनी सारी चिंताएं हमें दे दीजिए।" राम ने विभीषण के कन्धे पर हाथ रखते हुए कहा।

"आपके होते हुए मुझे कोई चिन्ता नहीं है। आपकी कृपा से हम सब सकुशल एवं प्रसन्न हैं।" विभीषण ने इतना ही कहा।

इसके बाद विभीषण भरत और सुग्रीव से गले लगकर मिले। अर्घ्य देकर, हाथ जोड़कर भरत की स्तुति करते हुए विभीषण ने कहा "आप तो बिल्कुल राम जैसे हैं।" भरत मुस्करा दिए।

खबर मिलते ही सारे लंका-निवासी राम के दर्शन के लिए उमड़ पड़े। राम की आज्ञा पाकर विभीषण ने प्रजा के लिए द्वार खोल दिए। दिनभर राम के दर्शन के लिए आए लोगों का तान्ता लगा रहता। यों तीन दिन बीत गए।

चौथे दिन रावण की माता कैकसी ने विभीषण से कहा "बेटा, मैं भी राम के दर्शन करना चाहती हूँ। श्रीराम विष्णु हैं और सीता जी लक्ष्मी हैं। तेरे भाई ने यह रहस्य नहीं जाना। तेरे पिता यह भेद जानते थे।"

"कौन-सा भेद माँ?" विभीषण ने अधीरता से पूछा।

"तेरे पिता जी ने कहा था कि रावण को मारने के लिए भगवान विष्णु रघुवंश में दशरथ के यहाँ अवतार लेंगे।" कैकसी ने कहा।

"ठीक है माँ, आप राम के दर्शन की तैयारी करें।"

"नाथ, मैं भी साथ जाना चाहती हूँ।" सरमा ने कहा।

"आप भी माँ को साथ लेकर अन्य कन्याओं के साथ आ जाएं। अब मैं चलता हूँ।" विभीषण ने कहा और चले गए।

माता कैकसी को देखकर राम अपने आसन से उठ खड़े हुए। उन्हें नत मस्तक होकर प्रणाम किया। कैकसी ने भी उन्हें आशीर्वाद दिया।

सरमा जब भगवान की स्तुति करने लगी, तो राम ने भरत को संकेत से उनका परिचय देते हुए कहा "यह विभीषण की पत्नी हैं और तुम्हारी भाभी सीता की प्रिय सखी हैं।"

राम बहुत खुश थे। वह वहाँ कुछ दिन रहे। उन्होंने विभीषण के राज्य की व्यवस्था को देखा। सैनिक-शिविरों का निरीक्षण किया। वहाँ के अधिकारियों से मिले। उन्हें पूरा विश्वास हो गया कि विभीषण अपना राज्य ठीक ढंग से चला रहे हैं। उनके लंका आने का उद्देश्य पूर्ण हो गया। उन्होंने वापस अयोध्या चलने की बात विभीषण से कही तो विभीषण उदास हो गए। राम उन्हें थोड़ी देर एकान्त में घुमाने के लिए ले गए। कहा "विभीषण, मैं बहुत प्रसन्न हूँ तथा मित्र होने के नाते कुछ देना चाहता हूँ। कुछ भी माँग लो।" लेकिन विभीषण चुप रहे।

'चुप क्यों हो गए विभीषण ?"

"आप लंका पधारे, यही भेंट क्या कम है? मुझे राज्य में कोई भी तकलीफ नहीं है। आपके दर्शन से बढ़कर और क्या चाहिए मुझे?" विभीषण बोले।

राम जानते थे, विभीषण कुछ कहना चाहते हैं। कोई-न-कोई बात अवश्य है। आज विभीषण को वह जान-बूझकर एकान्त में लाए थे।

'बोलो विभीषण, हम आपकी हर बात मानेंगे।"

"भगवन, आपकी कृपा से राज्य में सभी सुखी हैं। आपका हाथ हमारे सिर पर बना रहे, तो हम पूर्ण रूप से सुरक्षित हैं। हाँ, एक बात का डर है।"

'डर ? हमारे होते हुए आपको किस बात का डर है ?"

'प्रभू, लंका का पुल...।" विभीषण ने हिम्मत जुटाते हुए कहा।

"क्यों, क्या हुआ लंका के पुल को ? साफ-साफ कहो। राम ने हैरान होते हुए कहा।

'प्रभू, अगर लंका का पुल ज्यों का त्यों बना रहा, तो आर्यावर्त से लोग यहाँ आकर हमें परेशान करेंगे। हर समय बस इसी बात का डर बना रहता है। लंकावासी पिछला कुछ भी भूले नहीं हैं। वे अब भी नींद में डर जाते हैं...।"

राम विभीषण का मतलब समझ गए। मुस्कराते हुए कहा "बस इतनी-सी बात।"

'हाँ, प्रभू! मैं हर समय इसी चिन्ता में रहता हूँ। आप जिस दिन से आए हैं, मैं यही सोचता रहा कि आपको अपनी यह समस्या कैसे बताऊँ?" विभीषण ने कहा।

दोनों बहुत देर तक घूमते रहे। खूब बातें हुई। भरत और सुग्रीव बड़ी बेसब्री से उनका इन्तजार कर रहे थे।

राम ने आते ही वापस जाने की तैयारी कर ली। चलने से पूर्व उन्होंने भरत से कहा 'भाई भरत, एक स्थान तो छूट ही गया। आओ, चलते-चलते तुम्हें वह पुल तो दिखा दें। वे तीनों विभीषण के साथ वहाँ गए। भरत उस पुल को देखकर चकित रह गए। सुग्रीव और भरत पुल का निरीक्षण कर रहे थे। विभीषण उन्हें कुछ समझा रहे थे।

अचानक एक जोरदार धमाका हुआ। राम ने अपनी दिव्य शक्ति से पुल को बीच में से तोड़ डाला। उसकी भयंकर आवाज सभी दिशाओं में फैल गई। कोई कुछ बोलता, इससे पहले ही उन्होंने बड़े टुकड़े के फिर कई टुकड़े कर दिये। फिर एक-एक टुकड़े के और छोटे-छोटे टुकड़े कर दिये। पूरा पुल टूट गया।

सभी दंग रह गए। भरत और सुग्रीव की समझ में कुछ नहीं आया। विभीषण सब समझ गए थे। सुग्रीव ने पूछा "भगवन्, यह पुल आपने क्यों तोड़ दिया?"

"अब इस पुल की कोई आवश्यकता नहीं है। यह पुल राक्षसी वृत्तियों के संहार के लिए बनाया गया था। राक्षसों का राजा रावण भारत-भूमि पर अपना एकछत्र राज्य स्थापित करने के लिए चारों ओर जाल फैला रहा था। रावण के कारण ऋषि-मुनियों का जीवन खतरे में था। इस पुल का उद्देश्य रावण तक पहुंचकर उसे हराना था।" राम ने स्पष्ट शब्दों में कहा।

विभीषण राम के चरणों में झुक गए। उन्हें उठाकर राम ने फिर से गले लगा लिया। कहा "विभीषण आप हमारे मित्र हैं। दो मित्रों के बीच में डर वाली कोई भी बात नहीं रहनी चाहिए। अब तो आप खुश हैं?"

विभीषण की आँखें नम हो गईं। सारे लंकावासी राम की जय-जयकार करने लगे। चारों ओर से पुष्प-वर्षा हो रही थी।

वे तीनों विमान में बैठ गए। सभी लंकावासियों ने उन्हें सम्मान सहित विदाई दी। माता कैकसी और सरमा का मस्तक अयोध्या के राजा राम के सामने श्रद्धा से झुक गया।

- डॉ. शकुंतला कालरा

निष्कर्ष: ‘पुल टूट गया’ केवल रामायण प्रसंग पर आधारित कहानी नहीं, बल्कि विश्वास, मित्रता और निडर होकर अपनी बात कहने का संदेश देती है। कहानी बाल पाठकों को सिखाती है कि सच्चा मित्र वही है, जो अपने मित्र की चिंता और भय को समझकर उसे दूर करने का प्रयास करे।

ये भी पढ़ें; राणा के वचन कहानी | डॉ. शकुंतला कालरा की प्रेरक ऐतिहासिक बाल कहानी

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Out
Ok, Go it!
To Top