रंग सिखाए ढंग बाल कहानी | गोविंद शर्मा की प्रेरक कहानी | पानी में पैसा

Dr. Mulla Adam Ali
0

“Rang Sikhaye Dhang” by Govind Sharma, from his children’s story collection Pani Mein Paisa, is an inspiring story that teaches children the values of unity, harmony, and patriotism through the beautiful colours of the Indian national flag.

Rang Sikhaye Dhang Hindi Story by Govind Sharma | Moral Story for Kids

एकता और राष्ट्रीयता का संदेश देती बाल कहानी रंग सिखाए ढंग

गोविंद शर्मा की बाल कहानी ‘रंग सिखाए ढंग’, उनके बाल कहानी-संग्रह ‘पानी में पैसा’ से ली गई है। यह रोचक और संदेशपरक कहानी बच्चों को रंगों के माध्यम से आपसी एकता, सद्भाव और राष्ट्रीय गौरव का महत्त्व समझाती है। कहानी का अंत भारतीय राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के सुंदर प्रतीक के साथ होता है, जो बच्चों को विविधता में एकता का अनूठा संदेश देता है। आइए, पढ़ते हैं यह शिक्षाप्रद बाल कहानी।

एकता और राष्ट्रीयता का संदेश

रंग सिखाए ढंग

सात रंग तो होते ही है, कई बार रंग आपस में मिलकर और भी कई रंग बन जाते हैं। बच्चों को अलग-अलग रंग अच्छे लगते हैं। किसी को लाल तो किसी को नीला, किसी को पीला तो किसी को काला।

बच्चे तो बच्चे ही होते हैं। कई बार मनपसंद रंग के लिए आपस में लड़ना झगड़ना शुरू कर देते हैं। जैसे उस दिन बिना रंग पूछे, चुन्नू-मुन्नू की मम्मी बाजार से दो स्वेटर खरीद कर ले आई। एक नीले रंग की तो दूसरी काले रंग की। उन्होंने काले रंग वाली चुन्नू को दे दी तो नीले रंग वाली मुन्नू को। दोनों को ही अपने-अपने रंग पसंद नहीं आए। चुन्नू बोला- मुझे तो सफेद रंग की स्वेटर चाहिए थी, काले रंग की क्यों लाए मेरे लिए? काला भी कोई रंग है।

इसी तरह मुन्नू ने नीले रंग को बुरा बताया और कहा मुझे तो पीला रंग पसंद है। चुन्नू-मुन्नू तो नाराज हुए ही काला और नीला रंग भी नाराज हो गए।

नीला रंग ने धमकी दे दी कि देख लेना, स्वेटर की पहली धुलाई में ही मैं बाहर आ जाऊँगा या कहीं से निकल जाऊँगा, कहीं-कहीं रह भी जाऊँगा। इस तरह होने से स्वेटर पहनने के लायक नहीं रहेगा। काला रंग बोला- मैं भी ऐसा ही करूँगा। स्वेटर हो जाएगा काले धब्बों वाला। उसकी धमकी सुनकर नीले रंग को हँसी आ गई। बोला-ऐसा ही करना। लोग और रंगों के दाग धब्बों से उतना नहीं चिढ़ते, जितना काले रंग के धब्बों से। यह देखकर दूसरे रंग लाल, पीला, गुलाबी, केसरिया को भी हँसी आ गई। कुछ बच्चों की पसंद नापसंद की आलोचना करने लगे और बोले- बच्चे रंगों के नाम पर क्यों लड़ते-झगड़ते हैं। हम तो बच्चों के साथ रहना, खेलना पसंद करते हैं। थोड़ी देर में सभी रंग आपस में उलझ गए। लड़ते-झगड़ते एक जगह हुए और ऐसा होते ही सफेद रंग बन गए। सफेद तो बन गए, पर उसके भीतर सब थे ही। सफेद रंग ने उन्हें समझाया- देख लिया लड़ने का नतीजा? सबने अपना होना ना होना बराबर कर दिया है।

हम क्या करें कि बच्चे हमें नापसंद ना करें।

उनके सामने ढंग से जाओ।

कैसे ?

एक तो मैं बता देता हूँ । क्या तुम्हारे में केसरिया रंग हाजिर है ?

हाँ, मैं यहाँ हूँ।

तुम अपना साइज आयताकार पट्टी का बनाओ। फिर बच्चों के पास जाना ।

नहीं, मुझे डर लगता है। किसी ने नापसंद कर दिया तो ?

मैं तुम्हारे साथ तुम्हारे साइज में ही पट्टी बन कर रहूँगा। हरे रंग को भी साथ ले चलते हैं। तुम भी हमारे ही आकार में चलोगे। सब बच्चे हमें पसंद करेंगे।

ठीक है, हरा रंग बोला ।

नीला रंग बोला- मैं देखना चाहता हूँ कि बच्चे तुम तीन रंगों को कितना पसंद करते हैं। क्या मैं भी पट्टी...।

नहीं-नहीं, हाँ अगर तुम्हें हमारे साथ रहना है तो गोल चक्र बन जाओ और मेरी गोद में बैठ जाओ सफेद रंग बोला।

अगले दिन ये चारों रंग इसी रूप में बाहर गए। किसी बच्चे या बड़े ने इन्हें नापसंद नहीं किया। क्यों करते, रंगों का यह मिलन, यह रूप तो राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे का था। अगले दिन गणतंत्र दिवस भी था। सभी ने इन्हें देखकर खुशी प्रकट की और सेल्यूट किया।

रंग समझ गए कि किसी के पास ढंग से जाएँगे तो हमें कोई नापसंद नहीं करेगा।

- गोविंद शर्मा

निष्कर्ष: गोविंद शर्मा की यह बाल कहानी सिखाती है कि आपसी भेदभाव और लड़ाई-झगड़े के बजाय एकता, प्रेम और सद्भाव को अपनाना चाहिए। तिरंगे के माध्यम से कहानी बच्चों में राष्ट्रीय एकता और देशप्रेम की भावना जगाती है।

ये भी पढ़ें; मदर्स डे | माँ की ममता और इंसानियत का संदेश देती प्रेरक बाल कहानी

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Out
Ok, Go it!
To Top